लखीमपुर खीरी। हिंदूवादी नेता और हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की नृशंस हत्या से जिले के हिंदू संगठनों में आक्रोश है। कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने शहर में घूमकर बाजार बंद कराया, इससे अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि कुछ देर बाद दुकानें फिर से खुल गईं।
कट्टर हिंदूवादी नेता कमलेश तिवारी की उनके लखनऊ स्थित आवास पर शुक्रवार को कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। इसकी सूचना लगते ही जिले के हिंदू संगठन आक्रोशित हो गए। विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने बैठक कर कमलेश तिवारी को श्रद्धांजलि दी। शनिवार सुबह सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट का रूख गया। वहां पहुंचकर डीएम कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन कर हत्यारों की 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग संबंधी ज्ञापन डीएम को सौंपा। राहुल तिवारी, अनुज शुक्ला, विनोद गुप्ता, सुमंत गुप्ता, सचिन, अमित गुप्ता, प्रशांत श्रीवास्तव, अजय जायसवाल आदि मौजूद रहे।