लखीमपुर खीरी। सीएम युवा उद्यमी योजना में लापरवाही दिखाना आईसीआईसीआई बैंक को भारी पड़ गया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने नगर निकायों के सभी खाते तत्काल अन्य बैंक में स्थानांतरित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
बैंक को 43 लाभार्थियों को वित्तीय सुविधा देने का लक्ष्य मिला था, जिसमें एक भी नहीं किया। डीएम ने कई बैठकों में शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए, लेकिन सुधार नहीं हो सका। इस पर डीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी किया। उत्तर संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने अन्य बैंक में खाता स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक को भी सीएम युवा उद्यमी योजना के क्रियान्वयन में लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति न होने पर नोटिस जारी किया जा रहा है। डीएम ने दोनों बैंकों के कार्य प्रदर्शन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत बुनियादी एवं निर्दिष्ट अनुदान की प्रथम, द्वितीय किस्तों में 32.63 करोड़, वर्ष 2023-24 में 10.32 करोड़ की राशि नगर निकायों के खातों में जमा है। यानी कुल 42 करोड़ से अधिक की धनराशि अब आईसीआईसीआई बैंक से बाहर जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को फौरन कार्रवाई कर रिपोर्ट मांगी। डीएम ने कहा कि कदम सिर्फ आईसीआईसीआई बैंक के लिए नहीं, बल्कि सभी बैंकों और विभागों के लिए सख्त चेतावनी है कि काम में सुस्ती दिखाई, तो परिणाम भुगतने को तैयार रहें।