लखीमपुर खीरी/गोला गोकर्णनाथ। रोडवेज बसों से नियमित सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) बनवाने के लिए रोडवेज बस स्टॉप पर लाइन नहीं लगानी होगी। अक्तूबर से यह व्यवस्था ऑनलाइन हो रही है। इसके बाद मोबाइल फोन से भुगतान कर घर बैठे एमएसटी कार्ड बनवा सकेंगे।
क्षेत्रीय परिवहन निगम का यह आदेश जिले के लखीमपुर और गोला गोकर्णनाथ डिपो को मिल चुका है। इसके तहत यात्रियों को स्मार्ट एमएसटी कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक महीने रिन्यू कराने के बजाय इसे रिचार्ज कराना होगा। इससे नौकरीपेशा, छात्र-छात्राओं आदि का सफर आसान होगा। अभी तक आधार कार्ड, फोटो और नकद भुगतान के साथ ऑफलाइन एमएसटी बनती है। गोला डिपो के एआरएम महेश चंद्र कमल ने बताया कि ऑनलाइन एमएसटी बनाए जाने के लिए मुख्यालय से पत्र आया है। संभवत: डिपो पर अक्तूबर से ही ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करा दी जाएगी।
-
289 एमएसटी धारक करते हैं सफर
लखीमपुर डिपो पर 95 रोडवेज बसे हैं, जबकि गोला डिपो के पास 142 बसें हैं। दोनों डिपो से करीब 289 एमएसटी धारक बसों से सफर करते हैं। लखीमपुर डिपो से सबसे ज्यादा एमएसटी लखीमपुर से गोला, लखीमपुर से सीतापुर, लखनऊ, धौरहरा, एरा की हैं। गोला से सबसे ज्यादा शाहजहांपुर, मोहम्मदी, लखीमपुर, बंडा, खुटार आदि जगह के लिए हैं।