मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेन्टेटिव्स (एमआर) एसोसिएशन ने बुधवार को हड़ताल की। इसके बाद नसीरुद्दीन मेमोरियल हाल के मैदान पर विरोध प्रदर्शन किया तथा समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि दवा उद्योग में अमेरिकी हस्तक्षेप बंद होना चाहिए तथा सौ प्रतिशत का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के निर्णय को सरकार तुरंत वापस लेना चाहिए। आम जनता को ध्यान में रखते हुए दवाओं के दाम कम करने तथा लागत मूल्य पर उत्पाद शुल्क को लगाना चाहिए जो अभी खुदरा मूल्य पर लग रहा है। जीवन रक्षक दवाओं और उत्पादों पर उत्पाद शुल्क और टैक्स कम होने चाहिए तथा सभी मेडिकल और सेल्स रिप्रेजेन्टेटिव्स के लिए गठित राष्ट्रीय त्रिपक्षीय बैठक को तुरंत बुलाकर सभी श्रम कानूनों को सख्ती से लागू करना चाहिए और वैधानिक नियमावली को समान रूप से लागू करना चाहिए। इसके अलावा महिला कर्मियों के लिए छह माह का मातृत्व अवकाश लागू करने, ऑनलाइन दवा बिक्री तत्काल बंद करने और कार्य के आठ घंटे निर्धारित करने की मांग करने के साथ नियुक्ति पत्र फार्म ए पर देने की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन में रामज्ञान, अमित पांडे, दिलीप गुप्ता, विनय मिश्रा, आदर्श मिश्रा, शादाब खान, ऋषि गुप्ता, गोकरन सिंह, रामजी मौर्य और अरुण श्रीवास्तव सहित तमाम लोग शामिल रहे।