बाइक से पत्नी और बेटे के साथ घर लौट रहा था युवक
थाना क्षेत्र ईसानगर में गुरुवार को पत्नी और बेटे के साथ बाइक से जा रहे युवक की मोटर साइकिल दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे बच्चा जमीन पर गिर गया, उसे उठाने के चक्कर में मां-बेटे दोनों ट्रक की चपेट में गए। इस हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां ने जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि चालक हेलमेट नहीं पहने था।
थाना क्षेत्र ईसानगर के ग्राम मोहम्मदापुर निवासी सुरेंद्र कटियार का पुत्र साकेत कटियार 22 वर्षीय पत्नी संगीता कटियार और सात माह के बच्चे के साथ बाइक से लखीमपुर आया था। शाम को काम निपटाकर घर लौट रहा था ईसानगर थाना क्षेत्र में ही भदफर चौके से थोड़ा आगे साकेत की बाइक किसी दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे बच्चा उछलकर दूर जा गिरा। पत्नी संगीता ने बच्चे को सड़क से उठाने का प्रयास किया, तभी वह और उसका बच्चा सामने से आर रहे दस टायर वाले ट्रक की चपेट में आ गए। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई। मोटर साइकिल से टकराकर साकेत भी घायल हो गया। दुर्घटना देख पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने साकेत के परिवार वालों को सूचना देने के साथ ही एंबुलेंस बुलाई। जिससे घायल साकेत और संगीता को सीएचसी नकहा भेजा गया, जहां गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में संगीता की भी मौत हो गई जबकि साकेत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना दिए जाने पर पुलिस ने बच्चे और संगीता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पेड़ से टकराई बाइक, शिक्षक की मौत
थाना क्षेत्र नीमगांव में एक शिक्षक की बाइक पेड़ से टकरा गई। इससे शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिक्षक के परिवार वालों को सूचना दी है तथा शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के दौरान शिक्षक हेलमेट नहीं पहने था।
जिला और कस्बा फर्रुखाबाद के मोहल्ला मनिहारी निवासी ईश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र बृजेश जिला बहराइच के तहसील क्षेत्र नानपारा के प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर में शिक्षक था। शुक्रवार को सुबह लगभग 8.00 बजे वह बाइक से जा रहे थे। थाना नीमगांव के ग्राम सेहरुआ में बाइक पेड़ से टकरा गई। इससे शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नीमगांव नंदलाल यादव पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के बैग में रखे कागजात से पुलिस ने शिक्षक की शिनाख्त की तथा उसके परिवार वालों को सूचना दी। पुलिस ने नींद के झोंके में बाइक पेड़ से टकराने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। फोन से मृतक के पिता से हुई बात के अनुसार शिक्षक बृजेश तीन दिन के अवकाश पर अपने घर से गया था। वहां से शुक्रवार को लौट रहा था समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिवार के लोग यहां नहीं पहुंचे थे।