भसडिया चौराहे पर हुए हादसे के बाद लिखापढ़ी पुलिस
खमरिया। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बसढिया चौराहे के पास सोमवार की शाम ट्रक से कुचलकर साइकिल सवार शेरपुर निवासी मां-बेटी की मौत हो गई। हादसे में साइकिल चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। मां-बेटी दवा लेकर साइकिल से घर लौट रहीं थीं।
खमरिया थाने के गांव शेरपुर निवासी सुनीता पत्नी कल्लू (40) अपनी पांच वर्षीय पुत्री पूनम को लेकर भतीजे लक्ष्मीराम के साथ साइकिल से दवा लेने गईं थीं। शाम करीब पांच बजे वह सभी साइकिल से घर लौट रहे थे। पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर बसढिया चौराहे के निकट सिसैया से आ रहे गैस सिलिंडर भरे ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुनीता व पूनम ट्रक के नीचे आ गईं और कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साइकिल चला रहा युवक लक्ष्मीराम बाल-बाल बच गया।
हादसे का पता चला तो दुकानदार, राहगीर और आसपास गांवों के ग्रामीण जमा हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष खमरिया अजय राय पहुंचे। महिला और बालिका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मां-बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस ने कब्जे में लेते हुए ट्रक थाने में खड़ा करा लिया है।
खड़ी-ट्रॉली में घुसा बाइक सवार, मौत
पसगवांं। मोहम्मदी-जंगबहादरगंज मार्ग पर गन्ने से भरी ट्रॉली में एक मोटर साइकिल सवार घुस गया। हादसे में मोटर साइकिल सवार की मौत हो गई।
ग्राम पिपरोला कुंवरपुर निवासी नरवीर उर्फ रिंकू (32) पुत्र चित्तर अपने साले सर्वेश कुमार निवासी रैंगाई के साथ मोटर साइकिल से अपने गांव जा रहा था कि तभी ग्राम सुखबसा में हादसा हो गया। हादसे में मोटर साइकिल सवार रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सर्वेश कुमार सकुशल बच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद