आज से घर-घर जाकर खुराक पिलाने की शुरुआत होगी
पांच साल तक के बच्चों को पोलिया से बचाने के लिए रविवार को पल्स पोलिया अभियान शुरू हुआ। सीएमओ डॉ. जावेद अहमद ने इसकी शुरुआत महिला अस्पताल में एक बच्चे को पोलिया खुराक पिलाकर की। अभियान के पहले दिन दो लाख से अधिक बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई गई। सोमवार से पांच दिवसीय घर-घर जाकर बच्चों को पोलिया खुराक पिलाने का अभियान चलेगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.बलबीर सिंह ने बताया कि पोलिया खुराक पिलाने के लिए रविवार को जिले भर में 1912 बूथ बनाए गए थे, जिसमें करीब 2.70 लाख बच्चों को पोलिया खुराक पिलाई गई। उन्होंने बताया कि सोमवार से पांच दिन तक घर-घर जाकर पोलिया खुराक पिलाने का अभियान चलेगा, इसके लिए जिले भर के लिए 1342 टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि जिले भर में पांच साल तक के करीब 7,78,768 बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी।
पलियाकलां। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 17738 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. जितेंद्र पाल ने सीएचसी गेट पर लगे बूथ पर बच्चों को दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। पलिया ब्लॉक को पांच सेक्टर पलिया, मझगईं, गौरीफंटा, संपूर्णानगर और खजुरिया में बांटकर 136 केंद्र बनाए गए थे। केंद्र अधीक्षक डॉ. श्री पाल ने बताया हर सेक्टर पर एक प्रभारी की तैनाती की गई है और सोमवार से शुक्रवार डोर-टू-डोर अभियान शुरू होगा। दवा पिलाने के लिए 88 टीमें, 13 ट्रांजिट और एक मोबाइल टीम लगाई गई। उन्होंने काउंसलर अंकित दीक्षित के साथ मिलकर बमनगर, बिशेनपुरी, गदनियां, महंगापुर आदि बूथों का निरीक्षण किया। डॉ. अशोक कुमार पांडे, डॉ. केके वर्मा, डॉ. उदयभान मौर्या ने खजुरिया, गौरीफंटा और मझगईं सेक्टर के बूथों पर पहुंचकर अभियान का जायजा लिया।