लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का बुधवार को शुभारंभ हो गया। एलआरपी रोड स्थित एक लॉन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यमंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी ने किया। इस योजना के तहत जिले के 21,258 शिक्षकों और अन्य पात्र कार्मिकों व उनके आश्रितों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। राज्यमंत्री ने 20 लाभार्थियों (बेसिक व माध्यमिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइया) को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए।
स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में नामांकन बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षक सरोज कुमार, मार्कण्डेय सिंह, इकबाल अहमद, जगदंबा प्रसाद मिश्रा और अश्वनी तिवारी को सम्मानित किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि योजना के तहत शिक्षकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलेगा। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने इसे शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में सीडीओ अभिषेक कुमार, बीएसए प्रवीण तिवारी, डायट प्राचार्य डॉ. सीमा शुक्ला, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
योजना में शामिल लाभार्थी
योजना के तहत जिले के 21,258 शिक्षकों एवं अन्य पात्र कार्मिकों तथा उनके आश्रित परिवारों को लाभ मिलेगा। इनमें 8,059 नियमित शिक्षक, 3,186 शिक्षामित्र, 826 अनुदेशक, 8,886 रसोइया, 53 विशेष शिक्षक तथा 248 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिक शामिल हैं।
ब्लॉकों में भी हुए कार्यक्रम
गोला गोकर्णनाथ। ब्लॉक कुंभी/गोला मुख्यालय में विधायक अमन गिरि ने शिक्षकों को कैशलेस कार्ड वितरित किए। ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा भी मौजूद रहे।
पलियाकलां। तहसील सभागार में योजना के शुभारंभ का लाइव प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मीदेवी गुप्ता, एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी रमन सिंह मौजूद रहे।
मितौली। विकास खंड सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रदेश प्रवक्ता पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर, भारतीय स्टेट बैंक शाखा मितौली के प्रबंधक राहुल तथा खंड शिक्षा अधिकारी भगवान राव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
धौरहरा। तहसील सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। विधायक विनोदशंकर अवस्थी ने कहा कि योजना से सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना नकद भुगतान के बेहतर उपचार मिलेगा।
3.71 लाख बच्चों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि
लखीमपुर खीरी। परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, बैग और स्टेशनरी के लिए डीबीटी के तहत 1,200 रुपये की राशि अभिभावकों के खातों में भेज दी गई है। विभाग ने बच्चों का डाटा तैयार कर शासन को भेजा था। अब इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। जिले के 3,106 परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत विद्यार्थियों को डीबीटी का लाभ दिया जाता है। पहले चरण में 3,71,973 बच्चों का डाटा तैयार कर उनके खातों में राशि भेजी गई। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि धनराशि मिलने से बच्चे नई यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, बैग और स्टेशनरी खरीद सकेंगे तथा नियमित रूप से विद्यालय आ सकेंगे। संवाद
कार्यक्रम में हेल्थ कार्ड के साथ मौजूद शिक्षक और राज्यमंत्री रजनी तिवारी व अधिकारीगण। स्रोत :