पहले मुजफ्फरनगर कोर्ट परिसर में अपराधी की हत्या और अब मुरादाबाद के कोर्ट परिसर के अंदर दिनदहाड़े ब्लॉक प्रमुख की गोली मारकर हत्या के बाद प्रदेश में पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। इसके चलते लखीमपुर में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। अलर्ट के बाद लखीमपुर कोर्ट परिसर की सुरक्षा-व्यवस्था परखी गई तो यहां कहीं सुरक्षा तो कहीं लापरवाही नजर आई।
10 सितंबर 2013 को सिपाही विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद यहां कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, लेकिन मौजूदा समय में सुरक्षा तंत्र कोर्ट लॉकअप तक ही सिमट कर रह गया है। हालांकि सोमवार को कुछ गेट बंद कर यहां पुलिस अलर्ट नजर आई। एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
खीरी जिले में कोर्ट परिसर में सिपाही की हत्या की घटना के बाद यहां गेट नंबर एक से लेकर चार तक दो-दो सशस्त्र सिपाहियों को तैनात किया गया था और कोर्ट परिसर में घुसने वालों की चेकिंग कराई जाती थी। कुछ दिनों तक बाकायदा ड्यूटी भी चेक की गई, लेकिन इन दिनों हालात अलग हैं। सिपाहियों की संख्या कम कर होमगार्डों को तैनात कर दिया गया है। कचहरी के पिछले हिस्से में बने अधिवक्ता चेंबर भवन वाले गेट पर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है। कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों या ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों की चेकिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कोर्ट परिसर में लगी सुरक्षा की ब्रीफिंग कर सीओ सिटी और शहर कोतवाल को सुरक्षा-व्यवस्था की चेकिंग कर सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।