गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव भुसौरिया निवासी 28 वर्षीय आशीष और मैलानी थाना क्षेत्र के गांव कुकरा निवासी 30 वर्षीय गुड्डू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भुसौरिया निवासी रामसिंह के 28 वर्षीय पुत्र आशीष सिंह की रविवार की सुबह अचानक हालत बिगड़ गई थी। परिवार वाले आनन फानन में उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मैलानी थाना क्षेत्र के गांव कुकरा निवासी हीरालाल के 30 वर्षीय पुत्र गुड्डू को गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतकों के परिजन भी उनकी मौत का कारण नहीं बता सके। पुलिस दोनों मृतकों के बारे में जानकारी जुटाकर छानबीन में लगी है।
गोला गोकर्णनाथ। हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा निवासी राकेश कुमार वर्मा (35) ने घर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद