घर में निकली गोह को पकड़े सर्प मित्र कुंज बिहारी। स्रोत: मोहल्ला वासी
लखीमपुर खीरी। बरसात में वन्यजीवों का रिहायशी इलाकों की ओर रुख बढ़ने लगा है। शुक्रवार को शहर के मोहल्ला भरतपुरी (मेलामैदान) में एक घर में गोह (मॉनिटर लिजर्ड) घुसने से परिवार में हड़कंप मच गया। घर में छोटे बच्चों के कारण परिजन घबरा गए।
गृहस्वामी अछत श्रीवास्तव ने बताया कि घर में हलचल होने पर बड़ी गोह दिखाई दी, जो डरकर लकड़ियों के पीछे छिप गई। सूचना पर सर्प मित्र कुंज बिहारी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक गोह का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
कुंज बिहारी ने बताया कि गोह शर्मीला वन्यजीव है। यह न विषैला होता है और न ही बिना कारण किसी पर हमला करता है। बरसात में सूखी और ऊंची जगह की तलाश में ऐसे जीव रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास कोई वन्यजीव दिखे तो उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।