गर्मी और धूप से कुछ इस तरह बचाव कर निकले लोग। संवाद
लखीमपुर खीरी। पिछले चार-पांच दिनों से मौसम के तेवर बराबर तल्ख बने हुए हैं। अधिकतम पारा जहां 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं मंगलवार को न्यूनतम पारे ने भी इस गर्मी के सीजन की अधिकता को छू लिया। न्यूनतम पारा 29 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिसके चलते सोमवार की रात अब तक की सबसे गर्म रही। रात भर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे।
पिछले सप्ताह तीन जून को बारिश होने से मौसम में कुछ नरमी आई थी, जिसके चलते अधिकतम तापमान लुढ़ककर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद अगले दो दिन तक राहत रही थी, जिसके बाद छह जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और भीषण गर्मी लोगों को परेशान करने लगी। इधर, बीते दो दिन से तो और भी बुरा हाल है।
सोमवार के जैसे ही मंगलवार को भी दिन भर तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। मंगलवार को अधिकतम तापमान तो सोमवार के जैसे ही 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोमवार को यह 28 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान की इस बढ़त से सोमवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही।
कल से राहत की उम्मीद
पिछले चार-पांच दिनों से जारी भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली तेज धूप से कल से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बृहस्पतिवार से आंधी और बारिश के आसार बन रहे हैं, जिससे तापमान में कमी आने संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बृहस्पतिवार से अगले सोमवार तक जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके साथ ही बिजली चमकने और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा) के चलने को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।