पौहारीबाबा गांव के निकट मोहाना नदी ने शुरू किया कटान।संवाद
तिकुनिया/बिजुआ। मोहाना और शारदा नदियों से कटान तेज होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। तिकुनिया के पौहारी बाबा में मोहाना नदी धान की फसल से करीब एक मीटर और बिजुआ के बझेड़ा में शारदा नदी खेतों से महज 10 मीटर दूर रह गई है। किसानों ने फसल और जमीन नदी में समाने की आशंका जताई है।
ग्राम पंचायत जसनगर के मजरा पौहारी बाबा के उत्तर बह रही मोहाना नदी बीते दो दिनों से कटान कर रही है। सुरेश, मेला राम, गुरुप्रसाद, राम खिलावन, फौजी सिंह और मनजीत सिंह ने बताया कि नदी लगातार खेतों की ओर बढ़ रही है। ग्राम प्रधान सुरेश तलवाड़ ने बताया कि अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। किसानों ने सिंचाई विभाग से कटान रोकने के लिए ठोकर बनवाने की मांग की है।
इधर, कुंवरपुर कलां के मजरा बझेड़ा में शारदा नदी से कटान जारी है। किसान चरन, कमल, रामअवतार और शिवराम ने बताया कि कटान इसी तरह जारी रहा तो फसल और जमीन नदी की जद में आ जाएगी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी बचाव कार्य नहीं हुआ। कटान से परेशान ग्रामीणों ने हाल ही में मां शारदा के तट पर 151 दीप जलाकर गांव की सलामती की प्रार्थना भी की थी।
एसडीएम युगांतर त्रिपाठी ने बताया कि बझेड़ा की रिपोर्ट सिंचाई एवं बाढ़ खंड को भेजी गई है। विभागीय टीम को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। नुकसान होने पर नियमानुसार सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाएगा।