सांसद डिंपल ने की गोला और श्रीनगर में जनसभा, बोलीं, नोटबंदी से ठप हुआ व्यापार
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव ने आज यहां कहा है कि प्रदेश में सपा ने वर्ष 2012 में किए सभी वादों को शत प्रतिशत लागू किया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से अच्छे दिन लाने का वादा किया था, लेकिन नोटबंदी थोपकर उन्हें लाइन में खड़ा कर दिया है। उन्होंने वादा किया कि सपा की सरकार बनने पर इंटर तक बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा और साइकिल दी जाएगी।
केन ग्रोवर्स नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान पर सपा प्रत्याशी विनय तिवारी के समर्थन में सांसद डिंपल यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने 108, 102 नंबर एंबुलेंस सेवा का जिक्र किया। पुलिस सेवा यूपी 100 की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने लैपटॉप देने का वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्राओं को सरकार अपने खर्चे पर डॉक्टर और इंजीनियर बनाएगी। मोदी सरकार पर वार करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि नोटबंदी से देश का उत्पादन प्रभावित हुआ है और व्यापार ठप हुआ है। सभा में सपा नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने उन्हें गोला के प्राचीन शिव मंदिर का चित्र बतौर स्मृति चिह्न भेंट किया। मंच पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव सांसद रवि प्रकाश वर्मा, मनीष भारती, प्रहलाद पटेल, अशोक सक्सेना, पारस प्रसाद मिश्र, सचिन रस्तोगी मौजूद रहे।
महेवागंज/सुंदरवल। श्रीनगर की प्रत्याशी मीरा बानो के समर्थन में हुई जनसभा में डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादियों की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हमने जो वादे किए, उन्हें पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यूपी का विकास ही मुख्यमंत्री का मुख्य एजेंडा है। उन्होंने सपा प्रत्याशी मीरा बानो के लिए वोट की अपील की। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल, एमएलसी शशांक यादव, पूर्व एमएलसी कुंवर धीरेंद्र बहादुर, सपा नेता मुन्ना यादव मौजूद रहे।
जनसभा में गाए भोजपुरी गीत
सपा कार्यकर्ताओं के लिए बनाए गए दूसरे मंच पर मिनी बालेश्वर ने प्रत्याशी विनय तिवारी और सपा सरकार पर बनाए भोजपुरी गीत गाए।
जूही सिंह समझ लिया जया बच्चन
सपा ने डिंपल यादव के साथ फिल्म अभिनेत्री सांसद जया बच्चन के आने का प्रचार किया था, लेकिन वह नहीं आईं। बल्कि डिंपल साथ प्रदेश महिला सभा अध्यक्ष जूही सिंह को जया बच्चन समझकर लोगों ने जया बच्चन के भी नारे लगा डाले।