लखीमपुर खीरी। जनपद के पांच विकास खंडों की 340 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कराए गए विकास कार्यों की जांच होगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक कराए गए कार्यों का सोशल ऑडिट कर सत्यापन किया जाएगा।
इसके लिए प्रत्येक विकास खंड में चार से पांच टीमें गठित की गई हैं। टीमें गांवों में पहुंचकर कार्यों की वास्तविक स्थिति, गुणवत्ता और अभिलेखों का मिलान करेंगी। कार्यों पर खर्च धनराशि और योजना के लाभार्थियों से जुड़े बिंदुओं की भी जांच होगी।
बांकेगंज की 50, बेहजम की 81, बिजुआ की 79, धौरहरा की 49 और ईसानगर की 81 ग्राम पंचायतों को सोशल ऑडिट के लिए चिह्नित किया गया है। इसका उद्देश्य मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। जांच में मिली कमियों और अनियमितताओं को संबंधित स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
इन गांवों का ऑडिट होने के बाद अन्य ब्लॉकों के गांवों का ऑडिट किया जाएगा। जिला विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में सोशल ऑडिट का काम शुरू हो चुका है। इसे 21 नवंबर 2026 तक पूरा कराने का लक्ष्य है।