अधिकारियों से फोन पर नाराजगी जाहिर करते सदर विधायक योगेश वर्मा। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। अतिक्रमण को लेकर शहर के हालात खराब होते जा रहे हैं। फुटपाथ से लेकर सड़कों तक अतिक्रमण है। अस्पताल रोड, जेल रोड, मेन रोड के अलावा रोडवेज बस अड्डा से लेकर खीरी रोड पर अतिक्रमण देखा जा सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार हर समय अलर्ट रहने का दावा करते हैं। जिम्मेदारों की सतर्कता के बावजूद शनिवार को ओवरब्रिज के नीचे सदर विधायक भी जाम में फंस गए। जब देर तक जाम नहीं खुला तो उन्होंने मौके से टीएसआई को मोबाइल पर चेताया और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
शहर में अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम लग रहा है। इसके कारण आम नागरिक परेशान हैं। शनिवार दोपहर ओवरब्रिज के नीचे कोई चार पहिया वाहन खड़ा कर चला गया। इससे वहां पर थोड़ी देर बाद जाम लग गया। इस दौरान उधर से निकल रहे सदर विधायक योगेश वर्मा की गाड़ी भी उसमें फंस गई। धीरे धीरे वाहनों का लंबी लाइन गई। कुछ देर तक विधायक जाम खुलने का इंतजार करते रहे, लेकिन जाम तो नहीं खुला पर वाहनों की कतार लंबी होती चली गई, जिससे विधायक को गुस्सा आ गया। उन्होंने मौके से ही जिम्मेदारों को मोबाइल पर ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी देकर इसे दुरुस्त करने की चेतावनी दी।
आम जनता तो रोजाना जाम से जूझ रही
शहर में अतिक्रमण के चलते आए दिन सड़कों पर जाम लग रहा है। इससे आम जनता के अलावा मरीज और तीमारदार भी परेशान हो रहे हैं। हैरत की बात तो यह है कि जानकारी के बाद भी अफसर से लेकर जनप्रतिनिधि इस समस्या को नजरंदाज कर देते। शनिवार को जब माननीय जाम से रूबरू हुए तो उन्हें जनता की समस्या समझ में आई।
साहब की सफाई
ट्रैफिक को लेकर मैं हर समय अलर्ट रहता हूं। हो सकता है कि कोई चालक गाड़ी खड़ी कर खाना खाने चला गया हो, जिससे जाम लग गया हो। नो पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। ट्रैफिक व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा।
सूर्यमणि यादव, टीएसआई