पलियाकलां। चंदन चौकी के रामनगर स्थित आंबेडकर पार्क में आयोजित महाराणा प्रताप स्मृति जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में रायफल्स क्लब लखीमपुर के मिट्ठू राणा और सागर गुप्ता की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पलिया के फैजल और आसिफ को हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही। रायफल्स क्लब की जोड़ी ने पहला सेट 21-10 से जीत लिया, लेकिन दूसरे सेट में फैजल और आसिफ ने वापसी करते हुए 21-13 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
निर्णायक तीसरे सेट में मिट्ठू राणा और सागर गुप्ता ने संयम बनाए रखते हुए 21-18 से जीत हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इससे पहले सेमीफाइनल में मिट्ठू राणा और सागर गुप्ता ने पलिया के अरबाज और बॉबी को 21-16, 21-19 से हराया था।
दूसरे सेमीफाइनल में फैजल और आसिफ की जोड़ी ने पी. गोपीचंद क्लब के सूरज राणा और अभिषेक गुप्ता को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। तीसरे स्थान के मुकाबले में सूरज राणा और अभिषेक गुप्ता विजयी रहे।
मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद पलिया के सदस्य आशुतोष शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। पी. गोपीचंद क्लब की ओर से विजेता टीम को 5100 रुपये, उपविजेता को 3100 रुपये और तीसरे स्थान पर रही टीम को 1500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
आयोजक पी. गोपीचंद क्लब के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशे और मोबाइल की लत छोड़कर खेलों से जुड़ने की अपील की।
इस दौरान रेफरी के रूप में प्रियांशु राणा और आशू मिश्र, स्कोरर यश राणा तथा कमेंटेटर के रूप में दीपक और रवि गुप्ता ने भूमिका निभाई। मौके पर मंत्रीलाल राणा, मोहन यादव, योगेश राणा, इदरीश, भगवान दास समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।