तिकुनिया। सिंगाही कस्बे के संविलियन विद्यालय बाढि़यन टोला वार्ड नंबर तीन सिंगाही भेडौरा में सोमवार सुबह अराजक तत्व विद्यालय के मुख्य गेट पर एक और ताला डालकर फरार हो गए। निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचने वाले शिक्षकों ने गेट पर दूसरा ताला पड़ा देखा तो प्रधान अध्यापक विजय कुमार को जानकारी दी। एक और ताला देखकर प्रधान अध्यापक भी दंग रह गए।
जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में अभिभावकों के साथ वार्ड नंबर तीन के सभासद प्रतिनिधि सूरज कनौजिया भी पहुंच गए। विद्यालय खुलने में आ रही बाधा को देखते हुए डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम विद्यालय परिसर में पहुंची और जानकारी लेने के बाद अतिरिक्त ताला खुलवाया गया। इसके बाद विद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू कराया गया। प्रधान अध्यापक विजय कुमार ने बताया कि पुलिस को बुलाकर अतिरिक्त ताला खुलवाया गया तब जाकर विद्यालय में शिक्षण शुरू कराया गया। घटना के पीछे किसका हाथ है, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। संवाद