लखीमपुर खीरी। नौधनपटना गांव के अनूप ने सदर कोतवाली में दो नामजद और दो अज्ञात लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। आरोपियों में एक कोरियर कंपनी में काम करने वाला व्यक्ति भी शामिल है। आरोप है कि उसके और ग्रामीणों के खाते से अब तक करीब पांच लाख रुपये निकाले जा चुके हैं।
सदर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में अनूप ने बताया कि उसने और गौढ़, मझरा, टिप्पनपुरवा, बनघुसरी व पटना गांव के कई लोगों ने एचडीएफसी बैंक शाखा सुनहरी मस्जिद लखीमपुर में खाता खुलवाया था। पासबुक और एटीएम कार्ड कोरियर से भेजे गए थे। कोरियर में काम करने वाले व्यक्ति ने एटीएम व पासबुक किसी अज्ञात व्यक्ति को दे दिया। जालसाज एटीएम कार्ड का दुरुपयोग कर खातों से लेनदेन कर रहा है।
जानकारी करने पर बैंक ने ग्रामीणों को खाते का स्टेटमेंट नहीं दिया। खाता खोलने में गांव चनिया जिला सीतापुर निवासी विनोद कुमार व बैंककर्मी असलम भी शामिल है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने विनोद कुमार, असलम, अज्ञात कोरियर वाला व्यक्ति और एक अन्य पर धोखाधड़ी का केस दर्जकर जांच शुरू की है।