लखीमपुर खीरी। अवैध खनन करने वालों से खनन अधिकारी खौफजदा हैं। खनन माफिया अधिकारी के सरकारी आवास के आसपास घूमते हैं और उनकी लोकेशन का पता लगाते हैं। खनन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने सदर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में इस बात का जिक्र किया है।
खनन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने 26 जुलाई को सदर कोतवाली में बालू खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि महेवागंज चौकी के भवनापुर में कालेज के पीछे खनन की सूचना पर उन्होंने छापा मारा। खनन करने वाले तो मौके से भाग गए। मौके पर नौ ट्रैक्टर-ट्रॉली मिले। यह भी बताया कि भवनापुर गांव में बालू का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है।
इस मुकदमे में खनन अधिकारी ने एक और बात का जिक्र किया। कहा कि खननकर्ता रात में उनके सरकारी आवास के आसपास उनके आने-जाने की लोकेशन प्राप्त करने में लगे रहते हैं। इससे भय बना रहता है। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों पर चोरी और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
उठ रहे कई सवाल
खनन अधिकारी की रिपोर्ट में रेकी का जिक्र होना बड़ा सवाल है। सरकारी आवास के पास रात के समय लोगों की आवाजाही पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर रही है। सवाल यह भी है कि खनन के काम में लगे लोगों को किसकी शह मिली है, जो वह अधिकारी के आवास के पास लोकेशन का पता करने में लगे रहते हैं। प्रशासन की सख्ती के बावजूद खनन होने भी सोचने का विषय है।