लखीमपुर खीरी। प्रेरणा ऐप के माध्यम से परिषदीय स्कूलों में मिडडेमील में गड़बड़ी करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। बेसिक शिक्षा की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने फरवरी 2020 में बच्चों की उपस्थिति अधिक दिखाकर मिडडेमील में सबसे अधिक गोलमाल करने वाले 50 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के खिलाफ समायोजन/कटौती की कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं, जिस पर बीएसए बुद्धप्रिय सिंह ने सभी बीईओ को संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस देकर जवाब मांगने के निर्देश दिए हैं।
परिषदीय स्कूलों में प्रेरणा ऐप को लागू किए जाने का शिक्षकों ने काफी विरोध किया था, जिसका असर भी दिखने लगा है। फरवरी 2020 में प्रेरणा ऐप के माध्यम से मिडडेमील ग्रहण करने वाले बच्चों की संख्या और निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति के आधार पर प्रधानाध्यापकों की हेराफेरी पकड़ में आ गई। मसलन प्रेरणा ऐप पर प्रधानाध्यापकों ने 100 बच्चों के खाना खाने की रिपोर्ट भेजी, जबकि निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति 20 से 30 ही निकली। इसी आधार पर सबसे अधिक गड़बड़ी करने वाले 50 विद्यालयों की सूची शासन ने जारी की है और इनके प्रधानाध्यापकों से वसूली कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। मोहम्मदी के बौधी कला उच्च प्राथमिक विद्यालय, मितौली के कल्लुआ मोती उच्च प्राथमिक विद्यालढय, धौरहरा के भटपुरवा उच्च प्राथमिक विद्यालय, बेहजम के दुर्गापुर प्राथमिक विद्यालय, बांकेगंज के महरताला और उदयपुर प्राथमिक विद्यालय समेत विभिन्न ब्लॉकों के 50 विद्यालयों में 50 से 293 प्रतिशत तक ओवररिपोर्टिंग पाई गई है। बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने बताया कि सभी बीईओ के माध्यम से प्रधानाध्यापकों का जवाब मांगा है, जिसके बाद वसूली की कार्रवाई की जाएगी।