ग्राम सभा पटिहन के मनरेगा मजदूरों ने प्रधान और प्रधान के पति के नेतृत्व में शहर में जुलूस निकालकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने मनरेगा के तहत चकमार्ग पटाई के दौरान उनके फावड़े छीन लिए और प्रधान के पति से गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने एसडीएम, सीओ और एसओ को तीन अलग-अलग ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत पटिहन की प्रधान शुभावती तथा प्रधान के पति लक्ष्मण प्रसाद के साथ ही मनरेगा के तमाम मजदूरों ने एसडीएम, सीओ, एसओ को दिए गए ज्ञापन में कहा है कि ग्राम पंचायत के ग्राम पूरनपुरवा में क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा पैमाइश कर चकमार्ग की खूंटाबंदी कराई गई थी। जिस पर मनरेगा के तहत लगभग 170 मजदूरों से चकमार्ग की पटाई का कार्य लिया जा रहा था। आरोप है कि पटाई के दौरान गांव के कुछ दबंग लोग असलहों से लैस होकर आए और मजदूरों से फावड़ा छीनकर पटाई नहीं करने को कहा। जिसका विरोध प्रधान के पति लक्ष्मण ने किया तो उन लोगों ने उनको गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी को लेकर उन्होंने तहसील में प्रदर्शन किया और तहसील से थाने तक नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला। दिए गए ज्ञापनों में उन्होंने मांग की है कि पुलिस और राजस्व की टीम बनाकर चक मार्ग की पैमाइश की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।