लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त महाविद्यालय प्रशासन की ओर से बीएससी गणित और बीकॉम की पहली मेरिट सूची जारी कर दी गई है। जारी की गई सूची में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं की 10 से 15 जुलाई तक काउंसलिंग की जाएगी। वहीं स्नातक में बीए के परीक्षार्थियों को अभी मेरिट सूची के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि 15 जुलाई के आसपास बीए और बीएससी बायो की पहली मेरिट लिस्ट जारी हो सकती है। बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया 15 जुलाई तक चलेगी। काउंसलिंग महाविद्यालय में सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक आयोजित की जा रही है। छात्र-छात्राओं को निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिन अभ्यर्थियों का नाम मेरिट सूची में है, वह जरूरी दस्तावेजों के साथ महाविद्यालय पहुंचकर काउंसलिंग करवाते हुए काॅलेज शुल्क जमा करते हुए अपना प्रवेश सुनिश्चित करें।
बीएससी गणित प्रथम सेमेस्टर की काउंसलिंग भौतिक विज्ञान विभाग में होगी। वहीं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की काउंसलिंग वाणिज्य विभाग में होगी। बताया कि पहली सूची के बाद रिक्त रह जाने वाली सीटों के लिए दूसरी सूची जारी की जाएगी।