ज्ञापन सौंपने जाते भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी। संवाद
लखीमपुर खीरी। विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अवध) के जिलाध्यक्ष बाबा सर्वजीत सिंह पटेल ने किसानों के साथ धरना दिया। बाद में उन्होंने एक ज्ञापन भी डीएम कार्यालय में सौंपकर तमाम मांगें रखीं। उन्होंने गन्ना किसानों का बकाया मूल्य भुगतान गन्ना खरीद नीति के अनुसार अविलंब कराने, साथ ही आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने पर विचार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि मृतक के नाम बैंकों का कर्ज है, तो उसे तत्काल मृत व्यक्ति के वारिस के नाम स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर मृतक के नाम बैंक या डाकखाने में पैसा जमा है, तो अनेक प्रकार के कागजात मांगे जाते हैं। जरूरी है कि इस व्यवस्था में सुधार करते हुए, जिस प्रकार मृत व्यक्ति की अचल संपत्ति जांच कर उसके वारिस के नाम दर्ज की जाती है, उसी प्रकार चल संपत्ति भी संबंधित बैंक व डाकखाने के कर्मचारी उस व्यक्ति के वारिस के नाम स्थानांतरित करें।
उन्होंने विकास खंड लखीमपुर के ग्राम पंचायत महमदपुर महेवा में चकबंदी विभाग की ओर से छोड़ी गई भूमि पर बाबा साहब की मूर्ति स्थापित कर पार्क का निर्माण कराने की भी मांग की। इस मौके पर संगठन के काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।