लखीमपुर खीरी। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने करने की अवधि छह फरवरी 2026 तक है। इससे पहले 17, 18 , 31 जनवरी और एक फरवरी को जिले के सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तिथियों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक स्टाफ की तैनाती के साथ बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान हर बूथ पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को फार्म भरने में मदद दी जाएगी। फार्म 6, 6 ए, 7 और 8 (घोषणा-पत्र सहित) पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा, ताकि निरीक्षण के समय तुरंत उपलब्ध कराया जा सके। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को भी अभियान की तिथियों से अवगत कराकर सहयोग लिया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्वयं बूथों का भ्रमण करेंगे। 18 जनवरी को सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहकर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को पढ़कर सुनाएंगे। साथ ही बीएलओ के पास अप्राप्त, अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध रहेगी, जिससे मतदाताओं को सही जानकारी दी जा सके।
निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं पांच बूथों और उप जिला निर्वाचन अधिकारी 10 बूथों का निरीक्षण करेंगे। वहीं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक अधिकारी अपने विधानसभा क्षेत्र के 10 प्रतिशत पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन ऐप पर जाकर अपना या अपने परिवार के सदस्यों का नाम जांचें और जरूरत पड़ने पर निर्धारित फार्मों के माध्यम से आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।