ग्रेजुएट प्राइवेट मेडिकल प्रक्टिशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के सौजन्य से शहर में प्राई मेडिकॉन का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम जानकारियों को एक दूसरे से साझा किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन किंग जार्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के मनोरोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.हरजीत सिंह ने भगवान धनवंतरि और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में राममनोहर लोहिया संस्थान के डॉ.गौरव गुप्ता ने कैंसर के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया, शीघ्र निदान कैंसर के ठीक होने में अति आवश्यक है। न्यूरोलोजी के प्रोफेसर डॉ.अनूप कुमार ठक्कर ने मिर्गी पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया इसके इलाज में निरंतरता रोगी के ठीक होने में सहायक हो सकती है। डॉ.ठक्कर ने मिर्गी का दौरा पड़ने पर प्रारंभिक देखभाल के विषय में भी बताया तथा मस्तिष्क पक्षाघात के विषय में भी चर्चा की। यहां वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.रेणु ने नि:संतान दंपतियों के लिए चिकित्सकों को बताया कि वे महिला और पुरुष में किन-किन तत्वों की जांच करें और उन्हें किस प्रकार गर्भधारण के लिए तैयार किया जाए। उन्होंने बताया यदि टेस्ट ट्यूब बेबी की आवश्यकता हो तो वह भी चिकित्सा का ही एक अंग है। डॉ.दिनेश दुआ और वाईडी डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर डॉ.अजय आगा ने भी विचार रखे। डॉ.रमेश चंद्र शर्मा ने संगठन की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए सभी चिकित्सा पद्धतियों के एक मंच पर संगठित होकर विचारों के आदान प्रदान की सराहना की। यहां आए हुए चिकित्सकों का स्वागत डॉ.इंद्रा चोपड़ा ने किया। वार्षिक आख्या संगठन के सचिव डॉ.रूपक टंडन ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम में डॉ.एसके शुक्ला, डॉ.राकेश माथुर, डॉ.अमित सिंह, डॉ.संजीव भल्ला, डॉ.दिनेश दुआ और डॉ.प्रदीप मेहता सहित तमाम लोग उपस्थित थे।