मैलानी में पैमाइश का विरोध करते व्यापारी
मैलानी। बुधवार को रेलभूमि में स्थित दुकानों की पैमाइश करने गए रेल अधिकारियों को व्यापारियों के विरोध के आगे लौटना पड़ा।
राजस्व अभिलेखों में एक जमीन रेलभूमि के रूप में दर्ज है। मेन मार्केट स्थित दुकानें इसी जमीन पर बनी हैं। राजस्व टीम ने जनवरी में भूमि की पैमाइश कर चिह्नांकन किया था। इसके बाद रेलवे ने काबिज दुकानों, भवनों पर एक हफ्ते में भूमि खाली करने की नोटिस चस्पा किया था। अब मामला कोर्ट में है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चीफ आईओडब्ल्यू पीके सिन्हा, जीआपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस के साथ मार्केट पहुंचे और कब्जेदारों की भूमि की पैमाइश शुरू की।
सूचना मिलते ही व्यापारी और चेयरमैनपति भवानी शंकर माहेश्वरी मौके पर पहुंचे और बिना नोटिस या किसी सूचना के पैमाइश किए जाने का विरोध किया। इस पर रेलकर्मी पैमाइश किए बिना ही लौट गए। चीफ आईओडब्ल्यू पीके सिन्हा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर कब्जेदारों की भूमि की पैमाइश करनी थी, लेकिन विरोध के चलते पैमाइश नहीं हो सकी। इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी जाएगी।