- स्वास्थ्य अधिकारियों को नहीं खबर
- लोगों में दहशत, रोकथाम की मांग
मोहल्ला टेहरा शहरी, किसान और सिंगहिया में खसरे ने पैर फैलाते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। इन मोहल्लों में डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और इससे दहशत फैल गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इससे अंजान हैं। फिलहाल लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से इसकी रोकथाम की मांग की है।
मोहल्ला टेहरा शहरी के रामासरे के साथ ही उनके घर के राहुल, अनमोल, सोनम, नंदिनी आदि खसरे की चपेट में आ गए हैं। इसी मोहल्ले के अभिषेक सिंह के परिवार के दीपक, अस्मिता, असमन भी उसकी चपेट में हैं। मोहल्ले के ही अंशु और धीरेंद्र कुमार, प्रभा सिंह के परिवार की निक्की, कुलदीप कुमार कश्यप, छोटू को भी खसरा है। उधर, मोहल्ला किसान के सोनू शाक्य को भी खसरे ने अपनी चपेट में ले रखा है। मोहल्ला सिंगहिया निवासी संगीता सक्सेना, उनके पुत्र आयुष, पुत्री कशिश भी खसरे की चपेट में हैं। खसरा पीड़ित प्राइवेट चिकित्सकों के यहां इलाज करा रहे हैं। खास बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं है। खसरे के प्रकोप को देख अन्य मोहल्लों के लोगों में दहशत बढ़ गई है और उन्होंने इसकी रोकथाम की मांग विभाग से की है।
पिछले महीने खसरे का एक मरीज आया था, लेकिन इस बार कोई भी मरीज नहीं आया। अगर ऐसा है तो मरीजों की जानकारी करके उन्हें उचित दवाएं मुहैया कराई जाएंगी। -डॉ. जितेंद्र पाल, सीएचसी अधीक्षक