कभी बसपा में जिले और प्रदेश से लेकर बिहार तक में अग्रणी भूमिका निभाने वाले राज्यसभा सदस्य जुगुल किशोर अब भाजपा की सदस्यता लेने जा रहे हैं। भाजपा खेमे से खबर है कि वह मायावती के जन्मदिन यानी 15 जनवरी को दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के सामने सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। हालांकि जुगुल किशोर ने अभी इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा है कि समय आने पर सबकुछ बताएंगे।
बिहार प्रदेश के प्रभारी रहते हुए जुगुल किशोर को तीन जनवरी 2015 को बसपा से पदमुक्त कर दिया गया था। साथ ही बसपा जिलाध्यक्ष ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया था कि हाईकमान ने जुगुल किशोर को पार्टी में किसी भी कार्यक्रम में न बुलाने के निर्देश दिए हैं। उस समय जुगुल किशोर ने बगावत करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने नसीमुद्दीन सिद्दीकी का बसपा में राज होने के कारण पार्टी पर कई सवाल भी खड़े किए थे, लेकिन उन्होंने फिलहाल किसी भी पार्टी में जाने से इनकार कर दिया था।
हालांकि कुछ दिनों बाद ही जुगुल किशोर की पत्नी और पुत्र भाजपा में शामिल हो गए थेे। इससे माना जा रहा था कि वह भी जल्द ही भाजपा की सदस्यता लेंगे। इधर बुधवार को भाजपा खेमे में इस बात की चर्चा शुरू हो गई कि सांसद जुगुल किशोर 15 जनवरी को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष सदस्यता लेंगे। इस बाबत सांसद जुगुल से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी करने से इनकार करते हुए सिर्फ इतना कहा कि समय आने पर सबकुछ बता दूंगा।