लखीमपुर खीरी जिले के खुजहा गांव में बृहस्पतिवार को उस वक्त हाहाकार मच गया, जब गांव में लगी आग ने आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान भैंस को बचाने के प्रयास में एक पशुपालक गंभीर रूप से झुलस गया।
लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के खजुहा गांव में बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात कारणों से लगी आग ने आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग शिवाधार के घर से शुरू हुई। आग की लपटों में छप्पर के नीचे बंधी भैंस झुलस गई। भैंस को बचाने के प्रयास में पशुपालक शिवाधार भी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी ईसानगर भेजा गया।
विज्ञापन
देखते ही देखते आग ने पड़ोसी अनुरुद्ध, गोबर्धन, शारदा देवी पत्नी रामादल, छत्रपाल, अरविंद, हरिशंकर और गुड्डू समेत कुल आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सभी घर जलकर खाक हो गए। घरों में रखा गृहस्थी का लाखों का सामान और आनाज जलकर नष्ट हो गया।
दमकल की गाड़ी देर से पहुंची
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना के बाद भी दमकल की गाड़ी काफी देर से मौके पर पहुंची। इस दौरान थानाध्यक्ष ईसानगर निर्मल तिवारी मौके पर मौजूद रहे। घटना से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
धौरहरा के तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कि खजुहा गांव में एक मवेशी और पशुपालक के झुलसने की सूचना है। करीब आठ घर जले हैं। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। फौरी तौर पर तिरपाल और भोजन पैकेट के लिए राजस्व टीम को भेजा है।