धौरहरा। पढुआ थाना क्षेत्र के तेलियार गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने जेठ-जेठानी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के होलागढ़ गांव निवासी वारिस अली की पुत्री समा खातून का निकाह तीन साल पूर्व पढुआ थाना क्षेत्र के तेलियार गांव निवासी वारिस से हुआ था। रविवार को वारिस खेतों में काम करने गया था। इसी बीच घरेलू बंटवारे को लेकर उसके जेठ शमशुद्दीन और उसकी पत्नी से समा का विवाद हो गया।
आरोप है कि जेठ-जेठानी ने समा खातून के गले पर लकड़ी का टुकड़ा रख कर गला दबाकर हत्या कर दी और भाग गए। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता वारिस निवासी होलागढ़ ने थाना पढुआ में आरोपी जेठ-जेठानी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी पढुआ निराला तिवारी ने बताया कि सूचना पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने पर कुछ कहना संभव होगा।