धौरहरा। मोहल्ला सरोजिनी नगर (लालापुरवा) निवासी अमीन की 25 वर्षीय पत्नी मैसरजहां का शव संदिग्ध परिस्थितियां में चारपाई पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति समेत पांच पर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव भी साथ ले गए।
मृतका मैसरजहां के पिता नबी रसूल निवासी ग्राम कबीरपुर चपकहा थाना ईसानगर ने बताया कि उन्होंने बेटी मैसरजहां की शादी दो वर्ष पूर्व सरोजनीनगर-लालापुरवार निवासी अमीन पुत्र इजाद के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजन उसे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। आए दिन विवाद करते थे। मृतका का एक आठ माह का बच्चा है।
पिता ने बताया कि रविवार की देर शाम बेटी की मौत की खबर मिली। सूचना पर वह लोग बेटी के घर पहुंचे और पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। उधर, पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।