नवजन्मी बालिकाओं के अभिभावक को बेबी किट और मिष्ठान देतीं सीएमएस
लखीमपुर खीरी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के प्रति लोेगों में जागरूकता लाने के लिए सोमवार को महिला अस्पताल में नवजात बेटियों का जन्मदिन मनाया गया। सीएमएस ने प्रसूताओं को उपहार देकर बेटियों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
सीएमएस डॉ. ज्योति मेहरोत्रा ने बेटियों की माताओं को बेबी किट, मिठाई, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कैलेंडर एवं बधाईपत्र दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बेटियों बेटों से आगे हैं। बेटियों ने हर क्षेत्र में अपना परचम लहराया है। योगी सरकार बेटियों के जन्म पर उत्सव मना रही है, जिसका उद्देश्य बेटा और बेटी का अंतर खत्म करना है।
महिला कल्याण अधिकारी आर्यमित्र बिष्ट ने कहा कि जिले में बेटी के जन्म को लेकर कुछ परिवारों में आज भी उदासी है। बेटियों को बेटों से कमतर नहीं समझना चाहिए। जिला समन्वयक निक्की गुप्ता, सुष्मिता वर्मा, शिप्रा आदि स्टाफ मौजूद रहा।