निघासन। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गांव पठाननपुरवा में मंगलवार रात एक विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने पति समेत चार लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
निघासन कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जागंज निवासी शब्बू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 19 वर्षीय पुत्री मुस्कान का विवाह इसी वर्ष फरवरी में पठाननपुरवा निवासी नजमुल हसन से हुआ था।
आरोप है कि विवाह के बाद से पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मुस्कान को प्रताड़ित करते थे। तहरीर के अनुसार, मंगलवार रात पति नजमुल हसन ने अपने भाइयों मोबीन, अलीम और सलीम के साथ मिलकर मुस्कान की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी मोहित पुंडीर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव मिर्जागंज ले जाया गया।
पढ़ुआ पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर पति नजमुल हसन समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ शिवम कुमार ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।