बांकेगंज। थाना मैलानी क्षेत्र के गंगापुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद मायके वालों ने मृतका के ससुर, सास, जेठ, नंद, नन्दोई समेत पांच लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बांकेगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी विवाहिता मीरा देवी (29) रविवार देर शाम घर के अंदर मृत अवस्था में पाई गईं। बताते हैं कि बांकेपुर गांव निवासी मृतका की पांच साल पहले गंगापुर गांव निवासी ऋषीराम से शादी हुई थी। एक साल पहले बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई। मीरा देवी का चार वर्ष का एक पुत्र भी है। मृतका के भाई धर्मेंद्र का आरोप है कि बहन के पति की मौत के बाद उसके ससुर, सास, जेठ के अलावा कुकहापुर गांव निवासी नन्दोई लक्ष्मन और नंद ऊषा देवी दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ मारपीट भी की जाने लगी।
रविवार दोपहर कुकहापुर गांव से नंद ऊषा देवी मायके आई थी। यहां फिर मीरा देवी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। इसी गांव में ब्याही मृतका की दूसरी बहन मछला देवी को जब यह बात पता चली तो उसने इसकी सूचना भाई धर्मेंद्र को दी। तब तक उसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी। सूचना पाकर भाई धर्मेंद्र तुरंत गंगापुर गांव पहुंचा,और बहन मीरा को इलाज के लिए गोला सीएचसी ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई धर्मेंद्र का आरोप है कि मीरा के ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करके बुरी तरह मारा-पीटा गया। इससे उसकी मौत हो गई। घर वापस आने पर केवल मृतका की सास मौके पर मिली, बाकी सभी फरार हो चुके थे। धर्मेंद्र ने थाना मैलानी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, मैलानी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।