उचौलिया। शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र स्थित ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत होने पर मायके वाले उसका शव थाना क्षेत्र के गांव सेंडा ले आए। ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते मायके वाले सुनौवा तिराहा पहुंच गए और लखनऊ-बरेली नेशनल हाईवे जाम कर दिया। थाना पुलिस ने समझा-बुझाकर परिजनों को पुवायां में एफआईआर दर्ज कराने के लिए भेजा। इसके बाद परिजन शव गांव लेकर गए।
उचौलिया थाना क्षेत्र के गांव सेंडा निवासी हरिपाल ने अपनी 30 वर्षीय पुत्री अंजू की शादी करीब 10 साल पहले शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव भूड़खेड़े निवासी दनराज सिंह के साथ की थी। शुक्रवार शाम अंजू का ससुराल में फंदे पर लटकता हुआ शव मिला था। अंजू की मौत की सूचना मिलने पर परिजन शनिवार को ससुराल पहुंचे और पुत्री की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस को तहरीर भी दी, लेकिन शाहजहांपुर जिले की पुवायां थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
इसके बाद परिजन पुत्री का शव लेकर अपने गांव लौट आए और ससुराल वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर सोनौवा तिराहा पर शव रखकर नेशनल हाइवे 34 लखनऊ-बरेली राजमार्ग को जाम कर दिया। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह एफआईआर की मांग पर अड़ गए। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। अंजू की मां राधा देवी ने आरोप लगाया कि अंजू की गला दबाकर हत्या की गई है। दामाद दनराज सिंह अंजू के साथ मारपीट करता था।
उधर, एसएचओ उचौलिया रवीद्र सोनकर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंजू की मृत्यु की वजह हैंगिंग बताया गया है। परिजनों को एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुवायां भेजा है।
अंजू की मां राधा देवी