धौरहरा। गांव टेगनहा के मजरा सिसैया निवासी मुन्नालाल गौतम की 25 वर्षीय पत्नी आरती गौतम ने बृहस्पतिवार की शाम अपने कमरे में छत के कुंडे से लटककर फांसी लगा ली।
मंगलवार को उसके ससुर हीरालाल गौतम और पति मुन्ना लाल गोंडा जिले के एक गांव में मजदूरी करने गए थे। बृहस्पतिवार को उसकी सास और ननद खेतों में मजदूरी करने गई थी। जब वह शाम करीब छह बजे वापस लौटी तो बहू का कमरा अंदर से बंद देख आवाज दी। दरवाजा नहीं खुला तो गांव वालों को बुलाकर तोड़वाया।
अंदर गए तो देखा कि बहू का शव फांसी के फंदे से लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्र ने बताया विवाहिता ने आत्महत्या की है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।