लखीमपुर खीरी। धनतेरस और दीपावली के मौके पर बाजार पर मां लक्ष्मी की कृपा खूब हुई। ऑटोमोबाइल, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक, कपड़ा, पटाखे और मिठाई कारोबार पर खूब धन वर्षा हुई। जिले भर में सभी क्षेत्रों को मिलाकर करीब 500 करोड़ का कारोबार हुआ। सराफा जगत करीब 200 करोड़ रुपये के साथ अग्रणी रहा।
ऑटोमोबाइल सेक्टर भी करीब 150 करोड़ से दूसरे स्थान पर रहा। इलेक्ट्रॉनिक बाजार ने भी लगभग 35 करोड़ का व्यापार किया। करीब पांच करोड़ रुपये के आसपास पटाखे बिकने के आसार हैं। बर्तन व मिठाई व्यवसाय को मिलाकर 20 से 25 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। उधर, कपड़े के साथ अन्य चीजों को मिलाकर जिले में करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार रहा।
ई-बाइक का रहा दबदबा
ऑटोमोबाइल विक्रेता अंकित शुक्ला, प्रवीन पांडेय, देवेश मिश्रा और अनुराग सहगल, मुन्ना समेत अन्य शोरूम मालिकों के अनुसार, बाजार में करीब 400 चार पहिया वाहनों की बिक्री हुई, जिसमें करीब 80 करोड़ रुपये का व्यवसाय हुआ। वहीं, करीब 5000 के आसपास दो पहिया वाहनों की बिक्री से 50 करोड़ से ज्यादा का व्यापार हुआ। इसके अलावा ई-बाइक, ई-रिक्शा आदि की बिक्री से 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
इलेक्ट्रॉनिक कारोबारियों रमन रिंकू, युवराज शेखर, युवराज तिवारी समेत अन्य कारोबारियों ने बताया कि जिले में करीब 35 करोड़ की बिक्री हुई है। सराफा व्यवसायियों हर्ष सेठ, अनिल गुप्ता, संजय गुप्ता, अतिन गर्ग आदि ने बताया कि इस बार सोना-चांदी महंगा होने के बाद भी बिक्री ठीक रही। हालांकि, हमेशा की तरह लोगों ने अधिक आयटम नहीं खरीदे। एक दो से ही काम चलाया। सोने, चांदी के सिक्कों और गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की बिक्री अधिक हुई।