दिवाली करीब आते ही शहर में भीड़ बढ़ने लगी है। नतीजतन मंगलवार को शहर सीमा पर स्थित मंडी समिति गेट पर सुबह साढ़े आठ बजे से ही वाहन फंस गए, जिससे पीलीभीत-बस्ती हाइवे पर रेलवे क्रॉसिंग के आगे तक जाम लग रहा। लोगबाग घंटों जाम में फंसे रहे। तमाम लोगों ने पैदल ही मंजिल तय की। हालांकि इन दिनों शहर के प्रमुख मार्गों पर भी जबरदस्त जाम लग रहा है, किंतु मंडी गेट के सामने तो आज स्थिति पूरी तरह हाथ से बाहर हो गई। ऐसे में राहगीरों और वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह साढ़े आठ बजे से लग रहा जाम दोपहर करीब एक बजे खुल सका। इस तरह करीब साढ़े चार घंटे तक लोगबाग जाम से जूझते रहे।
आड़े तिरछे फंसे रहे वाहन
कृषि उत्पादन मंडी समिति के गेट से निकलने वाले तांगों, रिक्शों और ठेलियों के कारण जाम लगने लगा तो जल्दबाजी में आड़े तिरछे वाहन फंसते गए। पुलिस अथवा ट्रैफिक के सिपाहियों के मौजूद न होने के कारण दिक्कत ज्यादा बढ़ी।
पैदल गंतव्य तक पहुंचे राहगीर
बसों में बैठे राहगीर जब जाम नहीं खुला तो परेशान होकर उतर गए और पैदल ही गंतव्य को चल दिए। मंगलवार को अपने अभिलेख जमा करने आए प्रशिक्षु शिक्षकों को काफी दिक्कत हुई। वह दो से तीन किलोमीटर तक पैदल चलकर प्राथमिक विद्यालय सदर तक पहुंचे। इस तरह अन्य लोगों को भी दिक्कतें हुईं।
और वाहनों की लगती गई कतार
घंटों जाम लगने के कारण वाहनों की कतार लंबी होती गई, जिससे पीलीभीत बस्ती मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के आगे से शहर में सौजन्या चौराहे तक करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इससे वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
एसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि दिवाली के कारण शहर में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में ट्रैफिक के जवानों को अधिक अलर्ट रहने की जरूरत है। सभी को निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि कहीं लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।