परगना खैरीगढ़ के ग्राम प्रधानों एवं किसानों ने सौप एसडीएम निघासन को ज्ञापन।संवाद
रमिया बेहड़। ब्लाॅक रमियाबेहड़ व निघासन के प्रधानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सोती नदी पर बांध बनाने का विरोध किया है। कहा कि ऐसा होने पर बाढ़ का पानी कई गावों में भर जाएगा है। आमजन को काफी नुकसान होगा।
प्रधानों ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि ग्रामसभा मझरापूरब के उत्तर में सोती और दक्षिण में सुहेली नदी बहती है। दोनों नदियों के साईफन बने हैं। इससे बरसात का पानी निकलता है। क्षेत्र के किसानों की सैकड़ों हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि कटान के चलते खेती के योग्य नहीं बची है।
नदी मूल स्थान से हटकर किसानों के खेतों में बहने लगी है। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। सिंचाई विभाग सुहेली नदी की खोदाई करना चाहता है। सोती नदी की धारा को बांध बनाकर बंद करना चाहते हैं। इससे बाढ़ के समय नदी का पानी 12 गांवों को प्रभावित करेगा। जन जीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।
प्रधानों ने मांग की है कि सिंचाई विभाग नदी की खोदाई भू-चित्रों के हिसाब से जहां नदी दर्शाई गई है, वहीं कराए। दोनों नदियों के पानी का बहाव यथावत रखा जाए। इस दौरान ग्राम प्रधान बिलकिस, आशीष मिश्रा, सुनीता देवी, बाबूराम, रुबीना खातून, रेणु गिरी, अखिलेश कुमार समेत अन्य किसान मौजूद रहे।