लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला गंगोत्रीनगर में लंबे समय से चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा होने के बाद गिरफ्तार किए गए युवक-युवतियों को बचाने के लिए मंगलवार की रात पैरवी और सिफारिश का दौर चलता रहा। बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांचों युवकों और पांचों युवतियों का अनैतिक देह व्यापार अधिनियम 1956 के तहत चालान भेज दिया। इससे पहले आरोपियों से पूछताछ में कुछ और लोगों के नामों का खुलासा हुआ है, जिससे पुलिस इस मामले में अभी कुछ और लोगों की धरपकड़ कर सकती है।
गंगोत्रीनगर निवासी संचालिका के दो बेटे भी इस अनैतिक देह व्यापार के धंधे में शामिल थे, जो ग्राहकों को लाने का काम करते थे। पुलिस ने इन्हें भी मौके से तीन अन्य युवकों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला है कि युवतियों को फोन से बुलाया जाता था। संचालिका के डबल स्टोरी मकान के प्रथम तल पर बने कमरों में देह व्यापार का धंधा होता था। मंगलवार की शाम कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ मोबाइल फोन और 7200 रुपये भी बरामद किए। इसके अलावा सीतापुर जिले के नंबर वाली एक कार और बाइक भी बरामद की। गिरफ्तार किए गए युवक-युवतियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। सीओ सिटी संजय नाथ तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक-युवतियों का चालान भेज दिया गया है।
गरीब परिवारों की युवतियों को लालच देकर धंधे में उतारा
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से संचालिका समेत पांच युवतियों को पकड़ा था, जिनमें चार युवतियों गांवों से बुलाई गईं थीं। रैकेट संचालिका गरीब परिवारों की युवतियों को पैसे का लालच देकर फंसाती थी। युवतियों को लाने और फिर उन्हें भेजने के लिए गाड़ी का भी इस्तेमाल किया जाता था।
18 पुलिसकर्मियों की टीम बनाकर की कार्रवाई
मोहल्ला गंगोत्रीनगर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए सीओ सिटी संजय नाथ तिवारी की अगुवाई में 18 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी। इसमें प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, महिला थाना के प्रभारी एसआई छोटेलाल, जेलगेट चौकी इंचार्ज जेपी यादव, राजापुर चौकी प्रभारी अरविंद शुक्ला, एसआई मधु ठाकुर समेत सदर कोतवाली और महिला थाने की सिपाही शामिल रहे।