तिकुनिया हिंसा में जेल में बंद किसानों के परिजन से करेंगे मुलाकात
गोला कोतवाली के हडेला फार्म पर रात्रि विश्राम के बाद बृहस्पतिवार को प्रशासन से मिलेंगे
लखीमपुर खीरी/ गोला गोकर्णनाथ। तिकुनिया हिंसा मामले में मुख्य आरोपी आशीष मिश्र के पिता और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर किसान नेता फिर लामबंद होने लगे हैं। जनपद में आज कई किसान नेता प्रशासन और जेल में बंद किसानों के परिजन से मुलाकात कर आंदोलन को फिर से धार देने की कोशिश में हैं। आज जहां भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत जनपद में आएंगे, वहीं सोनीपत से चला किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल भी आज जनपद पहुंचकर पीड़ित किसानों के परिजन से मिलेगा।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह टिकैत पंजाब से 23 दलों के सदस्यों के साथ हडेला फार्म पर आएंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। बृहस्पतिवार की सुबह लखीमपुर पैलेस में किसानों के साथ बैठक करने के बाद तिकुनिया कांड में जान गंवाने वाले किसानों के परिवार वालों और जेल में बंद किसानों के परिजन से मिलने के बाद अधिकारियों से वार्ता करेंगे। साथ ही नई रणनीति तय की जाएगी। जहां वह शाम चार बजे मीडिया से रूबरू होंगे।
उधर, एकाएक राकेश टिकैत के आगमन की सूचना से जिला प्रशासन की कसरत बढ़ गई है। एएसपी अरुण कुमार सिंह ने जिला अध्यक्ष दिलबाग सिंह के साथ हड़ेला फार्म पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उधर, सोनीपत संयुक्त किसान मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल भी जनपद पहुंचकर जिला प्रशासन से वार्ता और किसानों के परिजन से मिलेगा। सोनीपत से किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल, हरेंद्र सिंह लखुवाल व अभिमन्यू कोहाड़ खीरी पहुंच रहे हैं। आरोप है कि मंत्री पुत्र को सरकार बचा रही है, जिसको लेकर किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने बताया कि हरियाणा, पंजाब, यूपी, गुजरात व महाराष्ट्र से किसान संगठन मोर्चा में शामिल हो रहे हैं। खीरी पहुंचकर बृहस्पतिवार को प्रशासन से मिलने के बाद पीड़ित किसान के परिवार वालों से मिलेंगे।