पांच मांगें रखीं, आश्वासन पर माने ग्रामीण
मासूम की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने पांच मांगें रखीं। इनमें 48 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, घर की बाउंड्रीवॉल बनवाने, दो सोलर लाइटें लगवाने और हमलावर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग शामिल थी। अधिकारियों ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब 11 बजे घटनास्थल पर पिंजरा लगाया गया। आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हुए और रात करीब 12 बजे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर अंतिम संस्कार किया गया।
दो पिंजरे लगाए, चार कैमरों से निगरानी
बेलरायां रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में दो सोलर लाइटें लगवा दी गई हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए गए हैं। चार कैमरों से निगरानी की जा रही है। ड्रोन की मदद से भी तेंदुए की तलाश की जा रही है। जंगल के किनारे खाई खोदने का काम भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में इससे पहले 17 तेंदुए पकड़े जा चुके हैं। मौजूदा घटना में शामिल तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वही ग्रामीणों को बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।