मोहम्मदी रोड स्थित कंजा बरमबाबा हनुमान मंदिर देवस्थान आश्रम पर पूरे सावन माह में कांवड़ियों को विश्राम और फलाहार की व्यवस्था दानदाताओं के सहयोग से की गई है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल ने कन्या भोज कराकर सावन भंडारे का शुभारंभ किया।
देवस्थान पर प्राकृतिक वातावरण में विशालकाय हनुमान प्रतिमा और बारह ज्योर्तिलिंग श्रद्धालुओं की अगाध श्रद्धा के केंद्र हैं। मान्यता है कि यहां मानी हुई हर मनौती पूरी होती है। दानदाताओं के सहयोग से देवस्थान आश्रम पर श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बड़ेे हाल सहित समुचित व्यवस्था है। सावन माह में मोहम्मदी रोड मार्ग से हरिद्वार, फर्रुखाबाद से तमाम कांवड़िये गंगाजल लाकर छोटी काशी में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए निकलते है। इन लोगों की यात्रा का अंतिम पड़ाव यहां होता है। यहां कांवड़ की पूजन आरती के बाद कांवड़िये शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना होते हैं। यहां उनके विश्राम और फलाहार भंडारे की पूरे सावन भर व्यवस्था की गई है। सावन भंडारे का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष ने कन्याभोज कराकर किया है।
इस मौके पर राजेश गुप्ता गुड्डन, अवधेश जायसवाल, राजेश गुप्ता, राजेश आनंद मिन्नी, शरद गुप्ता, संदीप वर्मा, राजीव गुप्ता, भुवनेश त्यागी, नत्थूलाल शाह, किशोरीलाल वर्मा, सुरेश शर्मा, सुरेश जायसवाल, सुशील गिरि, अजय जायसवाल, पूनम जायसवाल, निशा जायसवाल, राधा गुप्ता, सुधा गुप्ता, शालिनी जायसवाल, गुड्डी गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, ओपी गुप्ता, प्रवीन गुप्ता और श्रीपाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
कांवड़ियों के लिए भंडारा शुरू
मोहम्मदी। कस्बे में गोला मार्ग स्थित न्यू सेठ टेंट हाउस पर सावन माह में रामचरितमानस पाठ का आयोजन कर कांवड़ियों के लिए भंडारे का शुभारंभ किया गया।
भंडारे के आयोजक कृष्णगोपाल सेठ ने बताया कि इस साल भी सावन माह में कांवड़ियों के लिए भोजन, चाय, फलाहार तथा ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा भजन कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।