लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। वह गांव के लड़कों संग होली के लिए लकड़ी लेने गया था। खेत में बिछे बिजली तार की चपेट में आ गया।
लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र के ग्राम कमालपुर गंगासिंह में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। होली पर उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्राम कमालपुर गंगासिंह निवासी राघवेन्द्र कुशवाहा (26) पुत्र जयपाल साथियों संग होलिका के लिए लकड़ियां लेने गया था। खेतों में जंगली जानवरों सुअर आदि की शिकार करने के लिए पतले तार में शिकारियों ने कटिया डालकर करंट प्रवाहित कर रखा था।
विज्ञापन
करीब 170 मीटर महीन तार कई खेतों में बिछाया गया। लकड़ी लेने गए राघवेंद्र कुशवाहा और सचिन तार की चपेट में आ गए, जिससे दोनों को करंट लग गया। गांववालों ने बताया कि करंट लगने से राघवेंद्र के दोनों पैर जल गए, उसका मौके पर मौत हो गई। जबकि सचिन को हल्का झटका लगा। उसके दोनों पैरों में जले के हल्के निशान बन गए। घटना बृहस्पतिवार रात लगभग दस बजे की है।
साथियों की सूचना पर गांववाले घटना स्थल पर पहुंचे। कटिया को हटाया। राघवेंद्र और सचिन को सीएचसी पसगवां ले गए। जहां चिकित्सक ने राघवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सचिन को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया। सूचना पर थाना उचौलिया और पसगवां पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। उचौलिया पुलिस ने राघवेंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम कराया है।