बाहर निकल आई थीं आंतें
पुलिस के मुताबिक आदर्श पुत्र संतोष और गांव के ही चंदन शुक्ला के बीच शुक्रवार शाम करीब सात बजे बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी हो रही थी। परिजनों का आरोप है कि चंदन शुक्ला ने पहले आदर्श को मारा-पीटा फिर पेट में चाकू मार दिया। चाकू आदर्श के पेट में दाहिने तरफ लगा। वार इतनी जोरदार था कि पेट से आंतें बाहर निकल आईं। गंभीर रूप से घायल आदर्श को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात में ही उसकी मौत हो गई।
आदर्श की मां शकुंतला को भी लगा चाकू
विवाद के दौरान आदर्श के घर पर मां और छोटा भाई व छोटी बहन ही थे। बेटे से मारपीट करते देख बीचबचाव करने आई मां शकुंतला देवी पर भी हमलावर चंदन शुक्ला ने चाकू से कई वार किए। मृतक की मां के दाहिने हाथ और दाहिने पैर पर चाकू के वार से कई जगह कट गया। मां के मुताबिक, हमले के दौरान आदर्श को चंदन के चाचा अशोक शुक्ला ने पीछे से पकड़ रखा था।
गिरजापुरी-ढखेरवा मार्ग पर लगा जाम
आदर्श रस्तोगी हत्याकांड से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। इस दौरान गिरजापुरी से आने वाहनों का लंबा जाम लग गया। प्रदर्शनकारी इस दौरान एंबुलेंस को रास्ता देते रहे। लखीमपुर से कैलाशपुरी की तरफ जा रही एसएसबी की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने आगे नहीं जाने दिया।
बीएससी एजी का छात्र था आदर्श
आदर्श रस्तोगी तराई किसान महाविद्यालय लालपुर निघासन में बीएससी एग्रीकल्चर का छात्र था। परीक्षा होने वाली थी, जिसकी फीस दो दिन पहले ही विद्यालय में जमा की थी। ग्रामीण बताते हैं कि आदर्श और चंदन दोनों अच्छे दोस्त थे। इतनी बड़ी घटना हो जाएगी, किसी ने कभी सोचा नहीं था। दोनों एक ही गाड़ी पर घूमा करते थे।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा है मृतक का परिवार
आदर्श का परिवार गरीबी से जूझ रहा है। पिता संतोष रस्तोगी ढखेरवा, पढ़ुआ समेत आसपास की साप्ताहिक बाजार में पान की दुकान लगाकर परिवार चलाते हैं। चार बीघा जमीन को बटाई पर दे रखा है और फूस के बने घर में परिवार रहता है। मृतक की 11 साल की बहन ने बताया कि भाई कहता था कि जब मैं पढ़कर नौकरी करूंगा, तब घर बनवाकर तुम्हारी शादी बड़ी धूमधाम से करूंगा। मृतक अपने पीछे माता-पिता के साथ एक छह वर्षीय भाई और बहन छोड़ गया।
परिजनों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई शिकायत की गईं, लेकिन आरोपी चंदन शुक्ला के खिलाफ पुलिस ने कभी कोई कार्रवाई नहीं की। परिजन आरोपी के घर पर बुलडोजर एक्शन और इंसाफ की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। परिवार का आरोप है कि घायल अवस्था में पड़े रहे आदर्श को समय से अस्पताल पहुंचा दिया होता तो उसकी जान बच जाती। ग्रामीणों के मुताबिक मुख्य आरोपी चंदन शुक्ला ने पढ़ाई के दौरान किसी बात से नाराज होकर एक इंटर कॉलेज के एक शिक्षक पर अवैध असलहा तान दिया था, जिससे क्षुब्ध होकर शिक्षक ने पढ़ाना छोड़ दिया था। इस घटना से स्कूल प्रशासन ने चंदन का नाम काट दिया।
सीओ निघासन शिवम कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश में टीमें जुटीं हैं। पहले हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे तरमीम कर दिया गया है।