लखीमपुर खीरी। मोटरसाइकिल चोरी और बरामदगी के छह साल पुराने मामले में एडीजे भूलेराम ने हाशिम उर्फ मामा को दोषी ठहराते हुए तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 1900 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। आरोपी पहले ही सजा की अवधि से अधिक समय जेल में बिता चुका है। ऐसे में दंडादेश के बाद उसकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के महेवागंज में मोटरसाइकिल मरम्मत करने वाले हाशिम उर्फ मामा के खिलाफ वर्ष 2020 में कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। उस पर मोटरसाइकिल चोरी करने, उनके नंबर बदलने और कलपुर्जों में फेरबदल करने के आरोप थे। पुलिस ने उसके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें और अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों के पुर्जे बरामद करने का दावा किया था।
अदालती सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने छह गवाह पेश किए। गवाहों के आधार पर अदालत ने हाशिम को चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद होने और चोरी की मोटरसाइकिलों को अवैध रूप से बेचने के मामले में दोषसिद्ध ठहराते हुए सजा सुनाई।
-
किशोरी से दुष्कर्म के मामले में शहर कोतवाल से जवाब तलब
लखीमपुर खीरी। किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एडीजे नूरी अंसार ने पीड़िता की मां की अर्जी पर सुनवाई करते हुए शहर कोतवाल से जवाब तलब किया है। अदालत ने पुलिस से प्रगति आख्या मांगते हुए 20 नवंबर तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि सैधरी गांव का एक युवक पांच जून 2025 को अपने मित्र की मदद से उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया था। परिजनों के दबाव पर पुलिस ने झरेखापुर से किशोरी को आरोपियों के कब्जे से बरामद किया था। आरोप है कि मामला दो अलग-अलग संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने किशोरी को वापस कराकर प्रकरण रफा-दफा कर दिया।
अर्जी के अनुसार, इसके दो महीने बाद सुबह आरोपी पीड़िता के घर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच खूनी रंजिश हुई, जिसमें आरोपी के सगे भाई की मौत हो गई और पीड़िता के पिता व परिजन घायल हो गए।
किशोरी को बहलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में अदालत के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़िता की मां का आरोप है कि पुलिस ने न तो किसी आरोपी को गिरफ्तार किया और न ही जांच पूरी की। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों का पक्ष लेने और निष्पक्ष जांच न करने का आरोप लगाया है। इसी पर अदालत ने पुलिस से प्रगति आख्या तलब की है। संवाद