नहर से युवक को निकालते गोताखोर
- फोटो : अमर उजाला
लखीमपुर खीरी के पसगवां क्षेत्र में शारदा नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। गोताखोरों ने उसका शव बाहर निकाला। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। थाना क्षेत्र के ग्राम खरगापुर निवासी धर्मेंद्र कुमार (18) पुत्र राम किशुन राठौर, वीरू, रवि, सचिन, सरोज, अगम सोमवार को सुबह ई-रिक्शा पर सवार होकर पसगवां के निकट शारदा नहर की झाल में नहाने गए थे।
सभी युवक नहर में नहा रहे थे। इसी दौरान धर्मेंद्र कुमार का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चला गया। अन्य युवकों ने उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नहर में डूबे युवक धर्मेंद्र कुमार की तलाश में थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर, सिपाही शाहरुख, ग्राम चौकीदार शिव सिंह व कुछ ग्रामीण गोताखोर थाना प्रभारी के साथ नहर में कूद पड़े।
ये लोग रस्सी के सहारे धर्मेंद्र को पानी से बाहर निकाल लाए, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। युवक को सीएचसी पसगवां लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।