धौरहरा में बुधवार को एक युवक पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में मोबाइल टॉवर पर चढ़ा। पुलिस ने 20 मिनट में उसे नीचे उतारकर हिरासत में लिया। पत्नी ने उस पर चोरी का आरोप लगाया और साथ रहने से इन्कार किया।
लखीमपुर खीरी के धौरहरा कस्बे में युवक बुधवार को पत्नी और परिजनों से विवाद के बाद शराब के नशे में तहसील मुख्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर उसे नीचे उतार लिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
विज्ञापन
युवक बुधवार दोपहर शराब के नशे में पत्नी और परिवार के सदस्यों से विवाद करने के बाद तहसील मुख्यालय के सामने पहुंचा और मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने का आरोप लगा रहा था। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा, चौकी इंचार्ज वीरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को समझाया और करीब 20 मिनट बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
पत्नी ने लगाया चोरी का आरोप
पुलिस युवक को कोतवाली ले गई और उसके पिता , मां, भाई और पत्नी को भी बुलाया। पूछताछ के दौरान युवक ने पत्नी पर अवैध संबंध होने का आरोप लगाया। वहीं पत्नी ने उस पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। उसने बताया कि वह अपने मायके चली जाएगी।
पुलिस ने युवक का आपराधिक इतिहास खंगाला तो सिंगाही, खीरी और धौरहरा थानों में चोरी के चार मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी को मायके पक्ष के लोगों के साथ भेज दिया। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।