लखीमपुर खीरी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह एवं सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने मंगलवार को टीकाकरण अभियान की वर्चुअल समीक्षा कर रफ्तार बढ़ाने के बीडीओ व अधीक्षकों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लोग टीम भावना से काम करें। बेहतर काम करने वाले अधीक्षकों को पुरस्कृत करने के लिए सीएमओ से कहा।
डीएम ने कहा कि आगामी दिन कोरोना को लेकर बेहद महत्वपूर्ण है। इस तरह की कार्ययोजना बनाकर काम करें कि 25 जनवरी तक 75 फ़ीसद लोगों को दूसरी डोज और 15 से 18 साल की उम्र वालों के शत प्रतिशत पहली डोज लग जाए। उन्होंने शहरी क्षेत्र की प्रशंसा तो ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर काम करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि टीकाकरण से पहले गांव में मुनादी कराएं। ब्लॉक वार नामित नोडल अधिकारी टीकाकरण की रोजाना प्रगति की निगरानी करें। डीएम ने कहा कि टीकाकरण के लिए 460 टीमें फील्ड में सक्रिय हैं। असुविधा होने पर सीडीओ और सीएमओ को सूचना दें। उन्होंने टीकाकरण में फिसड़डी अधीक्षक बांकेगंज, फूलबेहड़ एवं पलिया को स्थिति सुधारने के निर्देश देकर उनकी कार्ययोजना के बाबत जानकारी की।